
मांझी। मांझी इंटर कॉलेज में पिछले एक पखवाड़े से जारी इंटर परीक्षा फॉर्म भरने के विवाद का निदान दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायती के द्वारा कर लिया गया। इसके साथ ही कॉलेज में फॉर्म भरने का काम सोमवार को शुरू हो गया। इससे पहले मांझी पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राहुल गुप्ता के आवसीय परिसर में छात्रों की समस्या को लेकर पूर्व मुखिया दलन प्रसाद यादव की अध्यक्षता में पंचायती हुई। पंचायती के दौरान राजकिशोर गुप्ता तथा प्रो रघुनाथ ओझा ने पंचों के सामने अपनी अपनी दलील दी। बाद में पंचों ने परीक्षा कार्य के संचालन तक के लिए अस्थायी तौर पर सर्वसम्मति से सुनील कुमार सिंह को प्रभारी प्राचार्य तथा शैलेश कुमार सिंह को परीक्षा नियंत्रक के पद पर मनोनीत कर दिया। पंचों ने प्राचार्य पद के विवाद को बोर्ड का निर्णय आने तक के लिए टाल दिया। पंचायती में यह तय हुआ कि इंटर परीक्षा फार्म में सरकार द्वारा निर्धारित राशि ही आवेदकों को देय होगी। साथ ही कॉलेज कार्यालय में कार्यरत सभी कर्मचारी पूर्ववत अपना कार्य संपादित करेंगे। मालूम हो कि इंटर परीक्षा फार्म भरने में कथित रूप से पासवर्ड उपलब्ध नही हो पाने से नाराज छात्रों ने शनिवार को मांझी एकमा मुख्य मार्ग को घण्टों जाम कर तोड़फोड़ किया था। बाद में जाम की सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना पुलिस ने छात्रों को सोमवार तक विवाद का समाधान कराने का आश्वासन दिया था।पंचायती में प्रो सत्यप्रकाश प्रसाद तथा प्रो पृथ्वी नाथ ओझा के अलावा श्याम बिहारी शुक्ल।शिक्षक। हीरालाल यादव।पूर्व मुखिया। बीरेन्द्र यादव पंकज सिंह।पूर्व जिप सदस्य। नागेन्द्र यादव युगल किशोर प्रसाद आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।




Recent Comments