
लहलादपुर, सारण। प्रखंड के दयालपुर पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर शुक्रवार को गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पारंपरिक तरीके से गोदभराई की रस्म पूरी की गई और गर्भवती महिला को फल, मिठाई सहित पौष्टिक खाद्य सामग्री देकर स्वस्थ मातृत्व की शुभकामनाएं दी गई।कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविका ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना तथा चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की सलाह का पालन करना जरूरी है।
महिलाओं को आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन, स्वच्छता बनाए रखने तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही गर्भावस्था के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी ली। आंगनबाड़ी सेविका ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है।
मौके पर आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका सहित स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।
लहलादपुर सीएचसी में हेल्दी बेबी शो का आयोजन
लहलादपुर, एक संवाददाता।
विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लहलादपुर में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व, शिशुओं के बेहतर पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं का अवलोकन किया। बेहतर स्वास्थ्य एवं उचित पोषण वाले तीन बच्चों का चयन कर उनकी माताओं को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान माताओं को बच्चों के लिए मां के दूध के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध सर्वोत्तम आहार है। शुरुआती छह माह तक केवल स्तनपान कराने से बच्चों को आवश्यक पोषण मिलता है और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। उन्होंने माताओं से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।मौके पर हेल्थ मैनेजर राकेश कुमार सिंह, एडवाइजर गणेश कुमार, रितेश कुमार, पवन कुमार, नागेंद्र उपाध्याय सहित स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों की भागीदारी रही।




Recent Comments