जिले में वैज्ञानिक कृषि और प्राकृतिक खेती को मिलेगी नई रफ्तार

आरपीसीएयू पूसा के अंतर्गत संचालित केंद्र में नई कमान, सारण के किसानों की आय वृद्धि और उन्नत तकनीकों के प्रसार पर रहेगा मुख्य फोकस:

छपरा, 04 अगस्त।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के तत्वावधान में संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, सारण (मांझी) में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। कृषि अनुसंधान एवं प्रसार क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र कुमार तिवारी ने 29 जुलाई 2026 को केंद्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान के रूप में औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जुलाई 2026 में जारी स्थानांतरण आदेश के तहत उन्हें कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली (समस्तीपुर) से स्थानांतरित कर सारण केंद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिरौली में भी वह इसी पद पर अपनी सफल सेवाएं दे रहे थे।

विज्ञापन

डॉ. तिवारी का कृषि क्षेत्र में एक लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है। उन्होंने कृषि अनुसंधान, प्रयोगशाला से खेतों तक वैज्ञानिक तकनीकों के प्रसार, फसल उत्पादन प्रबंधन, प्राकृतिक खेती तथा किसान कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। उनके नेतृत्व क्षमता और वृहद प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि सारण जिले में कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से कृषि नवाचारों को एक नई दिशा और गति मिलेगी।पदभार संभालने के पश्चात डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि सारण जिले के किसानों तक नवीनतम एवं व्यावहारिक कृषि तकनीकों को सरल भाषा में पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। केंद्र का मुख्य ध्येय आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधानों का लाभ सीधे धरातल पर किसानों के खेतों तक पहुंचाना है।

विज्ञापन

उन्होंने आगे कहा, “प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, प्राकृतिक खेती का विस्तार, कृषि विविधीकरण तथा किसानों की शुद्ध आय में बढ़ोतरी के लिए हम विश्वविद्यालय प्रशासन, राज्य कृषि विभाग और स्थानीय संस्थाओं के साथ मिलकर एक सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार करेंगे।” डॉ. तिवारी ने यह भी रेखांकित किया कि केविके सारण केवल तकनीक साझा करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिले के युवाओं और महिला किसानों के कौशल विकास और कृषि- उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर व्यावहारिक प्रशिक्षण और अग्रिम पंक्ति के प्रदर्शन संचालित करता रहेगा। डॉ. तिवारी के कार्यभार ग्रहण करने पर कृषि विज्ञान केन्द्र, सारण परिवार में भारी उत्साह देखा गया। केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मियों जैसे – डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. विजय कुमार, अमितेश कुमार गौरव, राकेश कुमार, उमाशंकर कुमार एवं अवनीश पाण्डेय ने उनका आत्मीय स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं है।