
छपरा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले के विद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) को सक्रिय करने का अभियान तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को शहर के विश्वेश्वर सेमिनरी और मिश्री लाल साह आर्य कन्या उच्च विद्यालय में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता के प्रति समझ विकसित करना था। उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने बताया कि मास्टर प्रशिक्षकों की टीम विद्यालयों में जाकर छात्रों को मतदान के अधिकार, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनाव के महत्व की जानकारी दे रही है। संवादात्मक सत्रों और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को चुनावी प्रणाली से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और मतदान से जुड़े कई सवाल पूछे। अंत में सभी से लोकतंत्र को मजबूत करने और अपने परिवार व समाज को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

विज्ञापन
इस दौरान दोनों विद्यालयों में नए ‘ईएलसी एंबेसडर’ चुने गए। विश्वेश्वर सेमिनरी में रवि कुमार, अली राजा, सिद्धि जायसवाल और सागरिका कुमारी को एंबेसडर बनाया गया। वहीं, आर्य कन्या उच्च विद्यालय में अंचल कुमारी और अनुराधा कुमारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर डॉ. विनय प्रताप सिंह, सुनील कुमार, अरुण कुमार सिंह सहित कई मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे।




Recent Comments