गोपालगंज। आजादी के 75 वां अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में उत्तर बिहार प्रांत द्वारा जिले को दिए गए 6.5 लाख सूर्यनमस्कार का लक्ष्य ससमय पूरा कर लिया गया है। अबतक पूरे जिले में लोगों द्वारा लगभग 7.31 लाख सूर्यनमस्कार किया गया है। लक्ष्य पूरा किये जाने पर अभियान में शामिल संगठनों और कार्यकर्त्ताओं ने खुशी व्यक्त की है। इस अवसर पर जिला संयोजक कुश नारायण सिंह ने सूर्यनमस्कार संकल्प कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्त्ताओं तथा संगठनों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही जिला अपने लक्ष्य को पूरा कर पाया है और भारत विश्व में सूर्यनमस्कार के द्वारा आज विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा भारती संगठन सहित अन्य सहयोगी संगठनों ने पूरे देश में 75 करोड़ सूर्यनमस्कार का लक्ष्य रखा था, जिसे भारत ने समय से पहले ही पूरा कर लिया है। श्री सिंह ने कहा कि भारत के युवाओं में कभी भी अपने लक्ष्य से कई गुणा अधिक करने शक्ति है। इसी बदौलत ही आज जिला सहित पूरे देश ने अपने लक्ष्य से कई गुणा अधिक करने का प्रयास कर 75 करोड़ सूर्यनमस्कार के लक्ष्य को 100+ करोड़ में तब्दील कर दिया है।इस दौरान उन्होंने सूर्यनमस्कार का महत्व बताते हुए सूर्यनमस्कार को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का भी आग्रह किया। मौके पर मौजूद जिला कार्यवाह हेमंत कुमार यादव, जिला प्रचारक सुनील कुमार रुद्र, नगर विस्तारक रौशन कुमार, हरिकेश कुमार, राकेश कुमार, विशाल बर्णवाल, चंचल बर्णवाल, निकेश श्रीवास्तव आदि ने खुशी जाहिर करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिला प्रतिदिन अधिक से अधिक सूर्यनमस्कार करने का संकल्प लिया।