एकमा (सारण)। एकमा-छपरा-सिवान मुख्य मार्ग (एनएच-531) पर उत्कर्ष फाइनेंस कंपनी के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात टेम्पू पलटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की।
जानकारी के अनुसार, दिवा गश्ती पर निकले थाना के एसआई मुकेश कुमार को टेम्पू पलटने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पलटे हुए टेम्पू की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टेम्पू में रखी बड़ी-बड़ी पॉलिथीन में भरी लगभग 200 लीटर देशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने टेम्पू को जब्त कर थाना ले आई।
अपर थानाध्यक्ष विक्रम कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। टेम्पू चालक एवं शराब तस्करों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपितों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।