
छपरा, 07 अगस्त।सदर अस्पताल परिसर स्थित वेक्टर बॉर्न डिजीज कार्यालय द्वारा पैरामेडिकल कॉलेज के छात्रों एवं कर्मचारियों के लिए एक विशेष डेंगू जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भावी स्वास्थ्य कर्मियों को डेंगू के लक्षण, प्रसार और रोकथाम के उपायों से अवगत कराना था, ताकि वह समाज में जागरूकता फैलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी (डीवीबीडीसीओ) डॉ. भूपेंद्र कुमार ने बताया कि डेंगू एक विषाणु जनित बीमारी है, जो ‘एडिज एजिप्टी’ मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर अक्सर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है तथा ज्यादातर दिन के समय काटता है। डॉ. कुमार ने स्पष्ट किया कि समय पर पहचान और उचित देखभाल से इस बीमारी से पूरी तरह बचा जा सकता है।
डेंगू के मुख्य लक्षण-
•अचानक तेज बुखार आना।
•सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द और मांसपेशियों तथा जोड़ों में तेज ऐंठन।
•त्वचा पर लाल चकत्ते (रैशेज) पड़ना।
•अत्यधिक थकान, जी मिचलाना या उल्टी होना।
बचाव और रोकथाम के उपाय-
•अपने घर और आसपास गमले, कूलर, टूटे बर्तन या टायर में पानी जमा न होने दें।
•सप्ताह में कम से कम एक बार कूलर और पानी की टंकियों को सुखाकर साफ करें।
•मच्छरदानी का प्रयोग करें और ऐसे कपड़े पहनें जिससे शरीर पूरी तरह ढका रहे।
•बुखार आने पर स्वयं से दवा (विशेषकर एस्पिरिन या इबुप्रोफेन) न लें, तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।

विज्ञापन
इस जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित पैरामेडिकल छात्रों को अपने- अपने क्षेत्रों और समुदायों में भी लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वीडीसीओ सुमन कुमारी, एसएफडब्ल्यू दीपक कुमार तथा इन्सेक्ट कलेक्टर्स वर्षा कुमारी और अनघ सहित कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी और पैरामेडिकल के छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रही।




Recent Comments