
छपरा। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में विद्या भारती द्वारा संचालित पूर्व छात्र पंजीयन अभियान के अंतर्गत सत्र 2025 – 2026 कक्षा दशम के पूर्व छात्र परिषद गोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी अनिल कुमार आजाद ने बताया कार्यक्रम में लगभग 100 पूर्व छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा सभी ने पूर्व छात्र पोर्टल पर अपना पंजीयन कराकर अभियान को सफल बनाया।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व छात्र परिषद के प्रांतीय मार्गदर्शक अनिल कुमार राम, विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार एवं पूर्व छात्र परिषद के प्रमुख राकेश कुमार मिश्र एवं आचार्य अमरेश कुमार (महराजगंज) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में अनिल कुमार राम ने पूर्व छात्र परिषद की आवश्यकता एवं पूर्व छात्र पोर्टल की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा यह पोर्टल केवल पंजीयन का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और विद्यालय परिवार के साथ सतत संवाद का सशक्त मंच है। उन्होंने पूर्व छात्रों से अपने अनुभव, समय और संसाधनों के माध्यम से विद्यालय तथा समाज के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। पूर्व छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंत में प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों का यह स्नेहिल जुड़ाव विद्यालय परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है और यह अभियान आने वाले समय में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। इस कार्यक्रम में राजेश कुमार पाठक, मणि भूषण सिंहा, विशाल कुमार सिंह,प्रकाश कुमार सिंह,दर्शन सिंह,मनीष कुमार,रितेश रंजन,प्रकाश कुमार अन्य आचार्य बंधु भगिनी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।




Recent Comments