मढ़ौरा(सारण)।मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ के पास सोमवार को हुए गोलीकांड में मारे गए पटेढा बैज निवासी बिट्टू के परिजनों से मंगलवार को कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मिले और गहरी संवेदना व्यक्त की।स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान सारण सांसद प्रतिनिधि दीपक कुमार सिंह ने परिजनों की बात फोन पर सांसद रूडी से कराई। सांसद ने घटना पर दुख जताते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में शंभू प्रसाद सिंह, मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह बजरंगी, श्यामनंदन सिंह विद्रोही, धीरज सिंह और धनंजय शर्मा शामिल रहे। इसके अलावा, पूर्व विधायक शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा और जन सुराज के मढ़ौरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नवीन कुमार उर्फ अभय सिंह ने भी मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।