रंजन श्रीवास्तव/तरैया (सारण): प्रखंड की पचभिण्डा पंचायत में 84 लाख रुपये की लागत से बन रही ग्रामीण सड़क के निर्माण कार्य में पहले ही दिन बड़ी धांधली उजागर हुई है। ग्रामीणों के कड़े विरोध और जिलाधिकारी से की गई शिकायत के बाद ग्रामीण कार्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें गड़बड़ी साबित होने पर करीब 150 फीट नई सड़क की ढलाई को जेसीबी से तुड़वा कर हटवा दिया गया।

एसएच-73 पचभिण्डा पोखर से यादव टोला तक बनने वाली इस 1.300 किलोमीटर लंबी सड़क की कुल लागत 84.137 लाख रुपये है, जिसमें सात साल के रखरखाव का खर्च भी शामिल है। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों ने देखा कि ठेकेदार द्वारा बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। आलम यह था कि सीमेंट के बोरे के अंदर ही पत्थर की तरह सख्त जम चुका था, जिसे धड़ल्ले से सड़क में मिलाया जा रहा था।

विज्ञापन

ग्रामीणों की सूझबूझ और शिकायत के चलते निर्माण कार्य के शुरुआती चरण में ही भ्रष्टाचार की पोल खुल गई, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अब हर किसी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इस गंभीर लापरवाही के लिए दोषी संवेदक और लापरवाह कर्मियों पर विभाग क्या ठोस कार्रवाई करता है।