सिवान :जामा मस्जिद प्रबंध समिति को वक्फ बोर्ड की मंजूरी
#परवेज़ अख्तर/सीवान
सीवान :जिले के मैरवा स्टेशन चौक समीप स्थित जामा मस्जिद के प्रबंध समिति का विवाद सुलझ गया। इसको लेकर करीब दो वर्षों से विवाद चल रहा था। बिहार सुन्नी वक्फ बोर्ड ने अपनी बैठक में पारित प्रस्ताव के आधार पर इस मस्जिद की 11 सदस्यीय प्रबंध
समिति पर मोहर लगाते हुए तीन वर्षों के लिए अथवा समिति के आगामी निर्णय तक की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही आदेश दिया है कि यह समिति प्रभावी तरीके से वक्फ की संपत्ति की सुरक्षा और इसकी आमदनी में वृद्धि के लिए कदम उठाए। समिति निर्धारित वक्फ के नियम और 1995 और 2002 के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप काम करेगी। वह इस मस्जिद के आयोजन व्यय का पूर्ण लेखा जोखा रखेगी। प्राप्त राशि को अध्यक्ष तथा सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से खुले खाते में जमा रखेगी। साथ ही विकास संबंधी कार्यों व दायित्व का निर्वहन कर सकेगी। समिति में मुख्तार अहमद को अध्यक्ष और सुल्तान अहमद को सचिव, मो. रफीक को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा मो. अब्दुल, मो. जमालुद्दीन, मो. अख्तर, मो. असगर, मुन्ना अंसारी, नाजिर मियां,अनवर अंसारी और मुस्ताक अहमद समिति के सदस्य हैं। विदित हो कि समिति के विवाद को लेकर मस्जिद में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य लंबे समय तक प्रभावित रहा। वहीं मस्जिद से संबंधित दुकान का किराया वसूली भी प्रभावित थी, जिससे वक्फ बोर्ड की इस मस्जिद के विकास एवं प्रबंधन व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई थी। विवाद सुलझाने के लिए तत्कालीन थानाध्यक्ष एवं आरक्षी निरीक्षक ने भी पहल की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका था। इसके बाद वक्फ बोर्ड ने अपने स्तर से प्रतिनियुक्त सदस्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों से निरीक्षण करा कर विवाद के समाधान की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई की।




Recent Comments