फाइल फोटो

मैरवा (सिवान)।चीन में पांच से छह सितंबर 2026 को आयोजित होने जा रही एशिया अंडर-18 रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप के वास्ते भारतीय राष्ट्रीय टीम के अभ्यास एवं चयन शिविर के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी की खिलाड़ी सिमरन परवीन को चुना गया है।
दरौली प्रखंड के करोम गांव के रहने वाले इस्लाम अंसारी और अफरोज अंसारी की बेटी सिमरन ने पिछले महीने हैदराबाद में संपन्न हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाया था। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में देश भर से करीब 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से केवल 27 खिलाड़ियों को इस विशेष शिविर के वास्ते चुना गया है। खास बात यह है कि इसमें बिहार से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में सिमरन शामिल हैं।अकादमी के निदेशक संजय पाठक ने जानकारी दी कि यह शिविर 26 जुलाई से एक सितंबर 2026 तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में चल रहा है। यहाँ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अंतिम 12 खिलाड़ियों को मुख्य भारतीय टीम में स्थान मिलेगा। सिमरन इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार को छह से अधिक पदक दिला चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में काफी खुशी का माहौल है।