पानापुर (सारण ) थाना क्षेत्र के कोंध भगवानपुर एवं सीमावर्ती तरैया प्रखंड के चांदपुरा गांव में सियार के काटने से एक महिला एवं एक बच्चे की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जाता है कि गत 12 जुलाई को एक पागल सियार ने कोंध भगवानपुर एवं चांदपुरा गांव के लगभग दो दर्जन लोगों को काटकर जख्मी कर दिया था. घायल सभी लोगों ने एंटीरेबीज इंजेक्शन भी लिया था. इस बीच सोमवार की रात सियार के काटने से गंभीर रूप से जख्मी भगवानपुर गांव निवासी गेना दास की 36 वर्षीया पत्नी प्रभावती देवी एवं चांदपुरा गांव निवासी जाकिर अली के 5 वर्षीय पुत्र सोहैल की अचानक तबीयत बिगड़ गयी. परिजन उन्हें इलाज के लिए छपरा ले गये जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया. पटना में इलाज के दौरान मंगलवार की रात प्रभावती देवी की मौत हो गयी वही बुधवार की सुबह सोहैल ने भी दम तोड़ दिया. महिला एवं बच्चे की मौत के बाद सियार के हमले से जख्मी लगभग दो दर्जन लोगों में भय व्याप्त हो गया है.