दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)।
महराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के जलालपुर स्थित आवासीय कार्यालय में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रेस वार्ता की अध्यक्षता भाजपा सारण पश्चिमी के जिला अध्यक्ष उमेश तिवारी ने की। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, समरसता और मानवता का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रत्येक गांव और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में जिला कोषाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला मंत्री ढुनमुन सिंह , जलालपुर मंडल अध्यक्ष कुश कुमार सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संत गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान अभियान की कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि “समरसता संकल्प अभियान” समाज में सामाजिक सद्भाव, समानता और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।