तरैया,(सारण)। प्रखण्ड के उसरी गांव स्थित गांगोदाई ब्रह्मस्थान परिसर में नवनिर्मित शिव मंदिर में भगवान शिव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पांच दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। जिसको लेकर गुरूवार को भव्य कलशयात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में करीब 2100 श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष व युवतियां, श्रद्धाभक्ति के साथ शामिल हुए। कलश यात्रा यज्ञस्थल से निकली जो कि बैंड-बाजे, हाथी-घोड़े के साथ डीजे की धुन पर पूरे नगर का परिभ्रमण करते हुए  उसरी-भगवानपुर बाजार होते हुए पानापुर क्षेत्र स्थित गंडक नदी के किनारे मथुरा धाम पहुंची। जहां आचार्य अभिजीत मिश्रा और पंडित सुरेंद्र तिवारी के विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरी की। इसके बाद श्रद्धालु कलशयात्रा पुनः यज्ञस्थल पहुची। जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ  पांच दिवसीय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार, 31 जुलाई की शाम सात बजे से रात 10 बजे तक मानस मंजरी सुश्री प्रिया प्रियदर्शी द्वारा त्रिदिवसीय शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जायेगा। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा और धार्मिक प्रसंगों से परिचित कराया जायेगा। वहीं 4 अगस्त को नवनिर्मित मंदिर में स्थापित भगवान शिव की मूर्ति का नगर भ्रमण कराया जायेगा। इसके बाद वैदिक विधि-विधान के साथ मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जायेगी। प्राणप्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन किया जायेगा। वहीं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद संध्या समय बिजेंद्र गिरि द्वारा राम विवाह कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। वहीं कलश यात्रा में मुख्य यजमान के रूप में विनोद शर्मा और देवेंद्र नाथ दिनकर के साथ प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, मुखिया सह जदयू नेता सुशील सिंह, पैक्स अध्यक्ष प्रत्यूष प्रकाश उर्फ राहुल सिंह, बीडीसी विश्वकर्मा शर्मा, लाल बहादुर राय, द्वारिका महतो, अखिलेश महतो, सरोज शर्मा, अजीत चौरसिया, रंजन प्रसाद, समेत काफी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।