
तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव के एक प्रवासी मजदूर की उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कुत्ते के काटने से घायल एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जैसे ही मृतक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा कि कोहराम मच गई। मृतक संग्रामपुर गांव निवासी सुखारी राय का 38 वर्षीय पुत्र मुन्ना राय बताया गया है। बताया जाता है कि करीब 15 दिन पहले ही मुन्ना राय परिवार के भरण-पोषण के लिए मुरादाबाद स्थित एक कंपनी में काम करने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान करीब पांच दिन पहले उसे एक कुत्ते ने काट लिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां एंटी रैबीज का टीका भी लगवाया था। लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी अचानक तबीयत और बिगड़ने लगी और रात्रि में सोए अवस्था में वह पलंग से गिरकर बेहोश हो गया। साथियों और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनके ब्रेन का ऑपरेशन किया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह मुन्ना राय का शव गांव पहुंचते ही घर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी इंदु देवी, 18 वर्षीय पुत्र करण, 14 वर्षीय पुत्र अमन, पिता सुखारी राय समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर गांव में भी मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। इधर घटना की सूचना मिलते ही सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी, उप सरपंच राम नारायण यादव, ग्राम कचहरी के सचिव बलराम राम तथा चौकीदार संजय राय, मनु श्रीवास्तव, अरविंद राय, चन्देश्वर सिंह, मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।




Recent Comments