नगरा।खैरा थाना क्षेत्र के खैरा बाजार के समीप मंगलवार की देर रात बेखौफ चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया.घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है.घटना स्थल से प्राप्त जानकारी के अनुसार,अफौर गांव निवासी सुग्रीब प्रसाद की न्यू अंजलि अलंकार ज्वेलर्स में चोर पहले ताला खोलने का प्रयास किया. सफलता नहीं मिलने पर शटर को प्रेशर जैक से टेढ़ा कर दुकान के अंदर प्रवेश कर गए.इसके बाद गोदरेज का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब दो किलो चांदी के आभूषण, 42 ग्राम सोने के गहने, 10 ग्राम रिपेयरिंग का सोना तथा पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.बुधवार सुबह दुकान का शटर क्षतिग्रस्त देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया,जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.