दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV), जलालपुर में बुधवार को डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW), सारण के तत्वावधान में “जेंडर संवेदनशीलता, महिला सशक्तिकरण एवं महावारी स्वच्छता प्रबंधन” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं एवं शिक्षकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिलाओं के कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर DHEW की जिला समन्वयक ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बेटी को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना अभियान का मुख्य लक्ष्य है।

कार्यशाला के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर आयोजित सत्र में लिंग एवं जेंडर के बीच अंतर, समाज में व्याप्त रूढ़िवादी सोच तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। छात्राओं ने रोल प्ले के माध्यम से समानता, सम्मान और महिला अधिकारों का प्रभावी संदेश दिया।

विशेष सत्र में महिलाओं से जुड़े प्रमुख कानूनों, जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम-2005, दहेज निषेध अधिनियम, बाल विवाह निषेध अधिनियम तथा POSH अधिनियम की जानकारी दी गई। छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

महावारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर विशेषज्ञों ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, संतुलित पोषण और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। सेनेटरी नैपकिन के सही उपयोग एवं सुरक्षित निपटान के साथ-साथ इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को इस विषय पर बिना संकोच खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा किशोरी स्वास्थ्य योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अंत में सभी छात्राओं ने बाल विवाह का विरोध करने, स्वच्छता अपनाने तथा महिला सम्मान और समानता को बढ़ावा देने की शपथ ली।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।