छपरा। आगामी 2 अगस्त 2026 को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा के प्रांगण में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विद्यालय में आचार्य बंधु-भगिनी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थात्मक बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रांतीय पदाधिकारी एवं विभाग निरीक्षक, सिवान श्री अनिल कुमार राम तथा भारोत्तोलन के प्रांतीय प्रमुख श्री रवि रंजन ने उपस्थित आचार्य बंधु-भगिनियों को प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं, दायित्वों एवं आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सामूहिक समन्वय, अनुशासन एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली पर निर्भर करती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया इस क्षेत्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार एवं झारखंड क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के भैया-बहन अपनी शक्ति, सामर्थ्य एवं खेल-कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
विद्यालय परिवार द्वारा प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आवास, भोजन, स्वागत, पंजीयन, खेल मैदान, सुरक्षा, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बैठक में उपस्थित आचार्य बंधु-भगिनियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण एवं सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्षेत्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करेगी, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास एवं खेलभावना के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। इस बैठक में आचार्य बंधु भगिनी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे