
तरैया,(सारण)। प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित सभागार कक्ष में गुरुवार को बीडीसी की बैठक प्रखंड प्रमुख प्रीति कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राशन कार्ड और बिजली विभाग से जुड़े कई मुद्दे प्रमुखता से छाया रहा। इसके अलावा नल-जल योजना, अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन की अनुपलब्धता और जर्जर अस्पताल भवन समेत विभिन्न समस्याओं पर सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। माधोपुर पंचायत के मुखिया सुशील सिंह ने राशन कार्ड से पात्र लाभुकों के नाम कटने और नये राशन कार्ड बनवाने में आ रही परेशानियों का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड बनवाने के लिए जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ती है, लेकिन इन प्रमाण पत्रों को बनवाने में समय लगने के कारण पात्र लाभुकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर एमओ काजल तिवारी और बीडीओ विभु विवेक ने सदन को आश्वस्त किया कि कोई भी पात्र लाभुक राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। जिन पात्र लाभुकों के नाम राशन कार्ड से काटे गये हैं, उन्हें भी जांच के बाद जोड़ने का प्रयास किया जायेगा। मुखिया नंदकिशोर साह ने विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पंकज कुमार के समक्ष विभिन्न गांवों में बिजली के तार नीचे लटकने की समस्या रखी। सदस्यों ने कहा कि कई जगहों पर तार काफी नीचे हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। बीडीसी माधुरी सिंह और मुखिया सुशील सिंह ने पीएचईडी के जेई तहसीन के समक्ष तरैया, चैनपुर, पोखरेड़ा, माधोपुर समेत अन्य पंचायतों में नल-जल योजना में लीकेज की समस्या उठायी। जेई ने आश्वासन दिया कि एक माह के अंदर लीकेज से संबंधित शिकायतों को दूर कर दिया जायेगा। रेफरल अस्पताल में एंटी रैबीज की सुई उपलब्ध नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की। सदस्यों ने कहा कि कुत्ता या अन्य जानवरों के काटने के बाद मरीजों को एंटी रैबीज वैक्सीन के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। इसके साथ ही सदस्यों ने रेफरल अस्पताल के जर्जर भवन का मुद्दा भी उठाया। अस्पताल को नये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में स्थानांतरित करने की मांग की गयी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी भी अनुपस्थित रहे। बैठक में मुख्य रूप से मुखिया विनोद सिंह, सुशील सिंह, नंदकिशोर साह, ओम प्रकाश राम, अमित कुमार, सुशीला कुमारी, जयश्री देवी, बीडीसी माधुरी सिंह, पूनम देवी, जीरा देवी, काजल सिंह, लालू पासवान, अरुण सिंह समेत अन्य पंचायत प्रतिनिधि और सदस्य उपस्थित थे।




Recent Comments