
मंगल गीत के साथ गर्भवतियों की हुई गोदभराई
- डायरिया एवं एनीमिया प्रबंधन की दी गयी जानकारी
- 180 दिनों तक आयरन की गोली लें गर्भवती
सीतामढ़ी, 7 जुलाई।
मंगल गीत, लाल चुनरी और गोद में पोषण की पोटली। यह नजारा बुधवार को जिले के हर आंगनबाड़ी केंद्र पर गोदभराई के मौके पर दिखा। सुप्पी प्रखंड के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 48 पर आंगनबाड़ी सेविका विभा कुमारी ने अपने पोषक क्षेत्र की दो गर्भवतियों की गोदभराई की। जिसमें प्रसव पूर्व तैयारी, संस्थागत प्रसव, एवं गर्भावस्था के दौरान खानपान के ऊपर विशेष काउंसलिंग की गई। सेविका विभा ने खास कर क्षेत्र में उपजने वाले फलों की जानकारी दी। वहीं प्रखंड के ही आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 37 पर आंगनबा ड़ी सेविका मीना कुमारी के द्वारा भी गोद भराई उत्सव का आयोजन किया गया था जिसमें 1 गर्भवती महिला की गोद भराई कर पोषण एवं संस्थागत प्रसव पर काउंसलिंग की गई l
प्रत्येक माह होती है गोदभराई
पिरामल के डीटीएम रवि रंजन कुमार ने बताया कि प्रत्येक माह की 7 तारीख को प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई उत्सव आयोजित किया जाता है। जिसमें नई गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर संस्थागत प्रसव एनीमिया को दूर करने व मातृत्व पोषण आदि पर विशेष काउंसलिंग की जाती है।
एनीमिया प्रबंधन की दी गई जानकारी:-
पिरामल के डीसी रवि कुमार ने बताया कि गर्भवती माता, किशोरियां व बच्चों में एनीमिया की रोकथाम जरूरी है। गर्भवती महिला को 180 दिन तक आयरन की एक लाल गोली जरूर खानी चाहिए। 10 वर्ष से 19 साल की किशोरियों को भी प्रति सप्ताह आयरन की एक नीली गोली का सेवन करना चाहिए। छह माह से पांच साल तक के बच्चों को सप्ताह में दो बार एक-एक मिलीलीटर आयरन सिरप देनी चाहिए।
डायरिया प्रबंधन की दी गई जानकारी:-
गोदभराई के समय होने वाली माताओं को शिशुओं में डायरिया के बारे में बताया गया। कहा गया कि छह माह तक शिशुओं को केवल स्तनपान (ऊपर से कुछ भी नहीं) ही डायरिया से बचाव करता है।डायरिया होने पर लगातार ओआरएस का घोल एवं 14 दिन तक जिंक देना चाहिए। वहीं साफ -सफाई एवं हाथ धोकर ही खाना खाने की आदत गर्भवतियों को अपनाने की सलाह दी गयी।
स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर दिया गया बल:-
गर्भवतियों और उनके परिवारों को निजी स्वच्छता का भी पाठ पढ़ाया गया। शौच जाने के बाद तथा साफ पानी पीने की सलाह दी गयी । सफाई की बदौलत कई बीमारियों से बचाव की भी बात कही गयी। मौके पर पिरामल स्वास्थ्य के डीटीएम रवि रंजन कुमार एवं विजय शंकर पाठक वीटिओ राजीव कुमार एवं सुमित कुमार उपस्थित हुए l




Recent Comments