
छपरा, 26 जुलाई।
पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, शाखा छपरा की मासिक बैठक रविवार को भगवान बाजार स्थित पराशर कॉम्प्लेक्स में भारतीय स्टेट बैंक के ग्राउंड फ्लोर पर शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में रेलवे पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं। बैठक को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह ने कहा कि रेलवे पेंशनर्स को मिलने वाले मानार्थ रेल पास की मैनुअल व्यवस्था को पूर्ववत जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश पेंशनर्स एचआरएमएस (HRMS) के माध्यम से ऑनलाइन मानार्थ पास प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
बैठक में सुरेंद्र सिंह ने आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट शीघ्र जारी करने, अंतरिम राहत की घोषणा करने, लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान करने तथा उम्मीद कार्ड पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। वहीं रामानंद महतो ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि लागू करने की मांग दोहराई। उन्होंने सीजीएचएस और आरएचएलएस की स्वास्थ्य सुविधाओं को समान करने तथा उम्मीद कार्ड के माध्यम से पूरे देश में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की। बैठक को पी.के. मांझी, राजकुमार श्रीवास्तव, सुधीर कुमार श्रीवास्तव और विभय कुमार सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष पी.के. मांझी ने जुलाई माह में जन्मदिन वाले सदस्यों को बर्थडे कार्ड और मिष्ठान देकर सम्मानित किया। अंत में शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह के समापन संबोधन के साथ बैठक संपन्न हुई।




Recent Comments