मांझी(सारण)। रविवार को कुतिया के बच्चे को हथियाने को लेकर स्थानीय रघुनाथ गिरी के मठिया में हुई मारपीट में गम्भीर रूप से घायल हरि गिरी की भी पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। स्व हरि गिरी को गांव में लोग पुजारी जी के नाम से जानते थे। उनके तीन पुत्र अलग अलग स्थानों पर प्राइवेट नौकरी करते हैं। गुरुवार की सुबह मांझी श्मसान घाट पर उनका दाह संस्कार सम्पन्न हो गया। दाह संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण सम्मिलित हुए। मारपीट की उक्त घटना में रविवार को ही मदन गिरी की दर्दनाक मौत हो गई थी। मालूम हो कि उक्त घटना में कुल आठ लोग घायल हुए थे तथा तीन लोगों को स्थानीय पुलिस द्वारा गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इस मामले में दोनों पक्षों द्वारा क्रमशः दस दस लोगों को नामजद किया गया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।