
कोरोना संकट : वित्त मंत्री ने देशवासियों के लिए खोला खजाना, राहत पैकेज के साथ की कई बड़ी घोषणाएं
दैनिक खोज खबर, सेंट्रल डेस्क
देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोरोना संकट के मद्देनजर देश का खजाना देशवासियों के लिए खोल दिया है। वित्त मंत्री ने 1 लाख 70 हजार करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा की और कहा कि लॉक डाउन के दौरान देश मे कोई भूखा नही सोए इसके लिए हम प्रयत्नशील रहेंगे।

कोरोना संक्रमण के दौरान संक्रमित मरीजों के उपचार में लगे हेल्थ वर्कर्स के लिए वित्त मंत्री ने 50 लाख तक के हेल्थ इंश्योरेंस की घोषणा की। यह हेल्थ इंश्योरेंस तीन माह के लिए प्रभावी रहेगा। इससे 22 लाख हेल्थ वर्कर्स लाभान्वित होंगे।
वित्त मंत्री गरीबों पर मेहरबान दिखी। उन्होंने बताया कि अगले तीन माह तक देश के गरीबो को 10 किलोग्राम चावल या गेंहू व 1 किलोग्राम दाल दिया जाएगा जिससे कि कोई भूखा न सोए।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत इसका लाभ देश के 80 करोड़ गरीबों को मिलेगा।

वित्त मंत्री ने बताया कि देश के किसानों के खाते में 2000 रुपये की राशि दी जाएगी जो अप्रैल के पहले हफ्ते तक किसानों के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएंगी। इससे देश के 8.69 करोड़ किसानों को लाभ होगा।
उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन ले चुके महिलाओं को अगले तीन माह तक तीन गैस सिलिंडर फ्री में दिए जाएंगे। इससे 8.3 करोड़ परिवारों को लाभ होगा।

वहीं जनधन योजना के तहत जिन महिलाओं के बैंक खाते खोले गए हैं उनके खाते में 500 रुपये की राशि अगले तीन महीने तक दिए जाएंगे। इससे 20 करोड़ महिलाओं को लाभ होगा।
वहीं बुजुर्ग, दिव्यांग व विधवा महिलाओं को अगले तीन माह के लिए दो किस्तों में 1000 रुपये की राशि दी जाएगी। इससे तीन करोड़ लोगों को लाभ होगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने EPF कटौती के सम्बंध में बड़ी घोषणा करते हुवे कहा कि नियोक्ता व कर्मचारियों की EPF कटौती के लिए अब चिंतित होने की आवश्यकता नही है। सरकार अगले तीन महीने तक इम्प्लॉई प्रोविडेंट फंड में नियोक्ता व कर्मचारी दोनों का पुरा हिस्सा जमा करेगी। अर्थात EPF में अगले तीन महीने तक 24% का योगदान सरकार करेगी। इससे देशभर के 80 लाख से अधिक कर्मचारियों व 4 लाख से अधिक संस्थानों को फायदा होगा।

वित्त मंत्री ने महिला स्वंय सहायता समूहों से जुड़े परिवारों के लिए लोन की राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख किये जाने की घोषणा की। यह कर्ज पहले की ही तरह कोलेटरल फ्री रहेगा।
वहीं निर्माण क्षेत्र से जुड़े कंस्ट्रक्शन वर्कर्स के लिए भी वित्त मंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि निर्माण क्षेत्र से जुड़े 3.5 करोड़ वर्कर्स जो लॉक डाउन के कारण परेशानी झेल रहे हैं उनके लिए हमने 31 हजार करोड़ का फंड निर्गत करने का फैसल लिया है।

इसके पूर्व ही वित्त मंत्री ने बैंकों को मिनिमम बैलेंस चार्ज और दूसरे बैंक के एटीएम से पैसे न निकालने का निर्देश दिया था।
वित्त मंत्री के इन बड़ी घोषणा के बाद लॉक डाउन में हो रहे आर्थिक परेशानियों से लोगों को खासकर गरीब परिवारों को बहुत राहत मिलेगी।




Recent Comments