इस मरते हुए बच्चे की कहानी दुनियाभर के लोगों को रुला रही है

दैनिक खोज खबर (डेस्क)

एक 7 साल का बच्चा है. नाम फिलिप क्वैजिनी. लंदन के ग्रेट ऑरमॉन्ड स्ट्रीट हॉस्पिटल में कैंसर से लड़ रहा है. मौत से बस चंद कदमों की दूरी पर है. वो चाहता है कि जब वो मरे तो उसको उसकी मां की कब्र के बगल दफनाया जाए. वो चाहता है कि स्वर्ग में वो अपनी मां के पास रहे, वहां जाकर मां के प्यार से महरूम न रहे. 2011 में फिलिप की मां की मौत भी कैंसर से हो गई थी.

फिलिप के पापा शोत्र के मुताबिक,:-‘उसे मालूम है कि वो मर रहा है और कोई कुछ नहीं कर सकता है. उसे मालूम है कि उसके पास बहुत ही कम वक्त बचा है.’
फिलिप ने लोगों से उसकी आखिरी ख्वाहिश पूरी करने में मदद की अपील की थी. इस दिल तोड़ देने वाले निवेदन में फिलिप ने कहा था कि वो मर जाने के बाद उसकी मां के ताबूत में जाना चाहता है और अपनी मां के ही बगल दफन हो जाना चाहता है. उसकी इस अपील के कुछ ही घंटों में लोगों ने तकरीबन साढ़े 23 हजार से यूरो यानि 16 लाख रुपए से भी ज्यादा चंदा इकट्ठा कर लिया. फिलिप के घर वाले लोगों की इस भलमनसाहत से अभिभूत हैं. फिलिप के पापा शोत्र ने कभी सोचा भी नहीं था कि लोग इस तरह मदद के लिए सामने आएंगे.

फिलिप की मां की कब्र उसके घर के पास है. ये वही जगह है जहां फिलिप के मां-पापा ने 2009 में शादी की थी. उसी जगह पर वो भी मरने के बाद पहुंचना चाहता है. फिलिप अभी ठीक तरह से खा-पी भी नहीं पा रहा. वो या तो बेहोश रहता है या दर्द में चिल्लाता रहता है. उसको इस तरह हर पल मरता देखकर उसके पापा का दिल डूब जाता है.