दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। स्थानीय राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास शनिवार को मुख्य सड़क पर एक सड़क हादसे में दो अलग-अलग बाइकों पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों की पहचान गौरा थाना क्षेत्र के चंदा अगहरा गांव निवासी आदर्श कुमार (18) और मढ़ौरा नगर वार्ड संख्या 7 निवासी मंटू कुमार (26) के रूप में हुई है.स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार ने बताया कि मंटू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि आदर्श का इलाज मढ़ौरा में जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंटू अपने पुत्र के साथ बाइक से घर लौट रहा था.तभी अचानक एक अज्ञात टोटो के मुड़ने से उसकी बाइक उससे टकरा गई और मंटू सड़क पर गिर पड़ा. इस दौरान मढ़ौरा बाजार आ रहे दूसरे बाइक सवार आदर्श ने भी अनियंत्रित होकर गिरे हुए युवक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए. हादसे में मंटू का बच्चा भी आंशिक रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. वहीं, दुर्घटना के बाद अज्ञात टोटो चालक मौके से फरार हो गया.