◆ पैक्स अध्यक्ष प्रत्यूष प्रकाश उर्फ राहुल सिंह ने फीता काटकर किया उद्घाटन

तरैया,(सारण)। प्रखण्ड मुख्यालय के बगल में स्थित रेफरल अस्पताल परिसर में ₹7.69 करोड़ की लागत से बनकर तैयार रेफरल अस्पताल के नवनिर्मित भवन का शनिवार को तरैया पैक्स अध्यक्ष सह जिला पार्षद प्रतिनिधि प्रत्यूष प्रकाश उर्फ राहुल सिंह व अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आलोक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान पैक्स अध्यक्ष श्री राहुल सिंह ने कहा कि तरैया के विधायक जनक सिंह सदैव क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह उनका एक और सराहनीय कदम है, जो आने वाले समय में हजारों लोगों के जीवन को बेहतर बनाएगा। वहीं विधायक जनक सिंह ने अपने फेसबुक वाल से आमजनों को संदेश दिया कि ₹7.69 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार रेफरल अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन यह केवल एक अस्पताल का उद्घाटन नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग के पूर्ण होने का ऐतिहासिक अवसर है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे उन्होंने अथक प्रयास, मजबूत इच्छाशक्ति और क्षेत्र के प्रति अपनी समर्पित भावना बताया है। उन्होंने क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों की ओर से मिले विश्वास और सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उद्घाटन के दौरान शिक्षक नेता रंजीत सिंह, तरैया भाजपा मंडल अध्यक्ष मेवालाल सहनी, राज रौशन, टूना सिंह, छोटू सिंह, गुड्डू कुशवाहा, शैलेन्द्र सिंह कुशवाहा, शत्रुघ्न सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।