
दैनिक खोज खबर/सारण (मढ़ौरा)। मानव व्यापार से संबद्ध बाल श्रम, शोषण आदि को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय सरस्वती विद्या निकेतन उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के प्रांगण में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिहार पुलिस अपराध अनुसंधान इकाई के तत्वाधान में हुए इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारी नरेश पासवान ने उपस्थित लोगों को मानव व्यापार निरोध की शपथ दिलाई।सभागार में मौजूद सभी लोगों ने हाथ आगे बढ़ाकर समाज, देश और अपने कार्यक्षेत्र से मानव अपराध से संबद्ध बाल श्रम तथा बंधुआ मजदूरी को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया। साथ ही, शोषण जैसी अवैध गतिविधियों का समर्थन न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही।
इस अवसर पर मुख्य पार्षद रूबी सिंह, एसडीएम निधि राज, एसडीपीओ सविंदर कुमार दास और निवर्तमान एसडीपीओ नरेश पासवान मौजूद रहे। अपने संबोधन में अधिकारियों ने इसे एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए युवाओं और विद्यार्थियों की सतर्कता को बेहद जरूरी बताया। कमजोर वर्ग अपराध अनुसंधान इकाई छपरा के प्रभारी विशाल कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। अंत में एक अपराध-मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




Recent Comments