◆ उपद्रवियों ने तरैया थाने के वाहन को क्षतिग्रस्त कर किया आग के हवाले

तरैया,(सारण)। बिहार बंद के दौरान शनिवार को छपरा में कैदी लेकर जा रहे तरैया थाने के वाहन को उपद्रवियों ने तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त और उसके बाद उपद्रवियों ने गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि तरैया थाने में अन्य मामले में गिरफ्तार कैदी को पुलिस अपने सरकारी गाड़ी से पेशी के लिए छपरा कोर्ट में ले जा रही थी इसी दौरान बिहार बंद में प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी को देखते ही घेर लिया और तोड़-फोड़ करने लगे। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया। वहीं उपद्रवियों द्वारा किए जा रहे प्रहार से कई पुलिस कर्मी व कैदी भी घायल हुए है। वहीं छपरा शहर में उपद्रवियों द्वारा कई वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया है। जिसकी खबरें सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान आकृष्ट कर रही हैं। जिसमें एक तरैया पुलिस की गाड़ी भी बताई जा रही है। वैसे तरैया में बंद का कोई विशेष प्रभाव नहीं दिखा। सभी सार्वजनिक केन्द्रीय और राजकीय संस्थान में सामान्य दिनों की तरह कामकाज चलता रहा। विभिन्न राजकीय और निजी शिक्षण संस्थान में पठन-पाठन आम दिनों की तरह संचालित रहा। प्रखंड में प्रशासन की गाड़ियां साएरन बजाती घूमती रहीं। बाजार, दुकानों में आम दिनों की तरह खरीद-बिक्री चलती रही।