दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। शनिवार को मढ़ौरा नगर में बिहार बंद के आह्वान का कोई असर देखने को नहीं मिला.यहां जनजीवन पूरी तरह सामान्य रहा और लोग आम दिनों की तरह ही अपने जरूरी कामकाज के लिए सड़कों पर आवाजाही करते नजर आए. मुख्य मार्गों पर बसें, ऑटो और अन्य परिवहन वाहन बिना किसी बाधा के अपने गंतव्य की ओर आते-जाते रहे.हालांकि, छात्र आंदोलन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन एक दिन पहले से ही पूरी तरह अलर्ट मोड में था.एहतियात के तौर पर स्थानीय पुलिस ने सुबह करीब 10 बजे से धेनुकी चौक पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया.इस दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से ट्रिपल लोडिंग और संदिग्ध युवकों पर अपनी पैनी नजर रखी. प्रशासन द्वारा हर स्थिति से निपटने के लिए सड़कों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे और पुलिस लगातार गश्त कर रही थी.इसके बावजूद, सुबह के वक्त कुछेक जगहों पर प्रदर्शनकारी बाइक पर सवार होकर जिला मुख्यालय की ओर जाते हुए जरूर दिखाई दिए, लेकिन कुल मिलाकर मढ़ौरा में स्थिति पूरी तरह सामान्य दिनों की तरह ही रही.