पानापुर (सारण ) लगभग तीन माह पहले थाना क्षेत्र के बिजौली गांव में एक विवाहिता की हुई हत्या मामले में मृतका के ससुर को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त बिजौली गांव निवासी पारस महतो बताया जाता है. बताते चलें कि गत 12 अप्रैल की रात पुलिस ने बिजौली गांव निवासी बबलू महतो की पत्नी अनिता देवी का पंखे से लटकता शव बरामद किया था. इस मामले में मृतका के पिता बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के खोभारीपुर गांव निवासी अच्छेलाल महतो ने स्थानीय थाने में अपाची बाइक के लिए अपनी पुत्री की हत्या किये जाने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी जिसमें मृतका के पति, सास, ससुर सहित आधे दर्जन लोगों को नामजद किया था. दर्ज प्राथमिकी में उसने कहा था कि 25 नवंबर 2024 को मैंने अपनी पुत्री का विवाह पारस महतो के पुत्र बबलू महतो के साथ किया था. शादी के कुछ दिनों  बाद से ही अपाची बाइक के लिए परेशान किया जाता था. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेजा जा रहा है.