समस्तीपुर:बारात ले जा रही बस पलटी, दर्जन भर हुए जख्मी

##न्यूज़ इनपुट-केशव बाबू:
मुसरीघरारी
मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप एन.एच. 28 से सोमवार की अलसुबह बारातियों से लदी एक बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गयी। नतीजतन बस में सवार दो दर्जन बाराती घायल हो गये। सभी घायलों को मुसरीघरारी स्थित दो अलग-अलग निजी क्लिनिकों में भर्ती कराया गया है। वहीं बस के चालक व उपचालक घटना के बाद घटनास्थल से फरार बताये गये हैं।

मिली जानकारी के अनुसार चकमेहसी थाना निवासी स्व. आनंदू महतो के पुत्र श्याम महतो की शादी में गांव के करीब 60 लोग महादेव रथ बस में सवार होकर वैशाली जिले के विद्दूपुर थाना अन्तर्गत पानापुर धर्मपुर निवासी रामप्रीत महतो के घर गये थे। लौटने के क्रम में मुसरीघरारी थाने के गंगापुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप एनएच 28 पर बस चालक ने बस से नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन बस बाईंओर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गयी। नतीजतन बस में सवार 60 बारातियों में से दो दर्जन बाराती घायल हो गये। सभी घायल चकमेहसी गांव के ही रहनेवाले बताये गये हैं। घटना की सूचना पर पहुंचे मुसरीघरारी थानाध्यक्ष परमानंदलाल कर्ण ने सभी घायलों को मुसरीघरारी स्थित दो अलग-अलग निजी क्लिनिकों में भर्ती कराया।वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया गया।