सारण :- पानापुर थाना क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पानापुर थाना क्षेत्र में डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन ने फ्लैग मार्च एवं माइकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष तथा पुलिस बल ने विभिन्न गांवों और बाजारों का भ्रमण कर लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

माइकिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को संदेश दिया गया कि किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए लोकतांत्रिक एवं विधिसम्मत तरीके अपनाएं तथा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों एवं अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और उन्हें आगे साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने लोगों से सड़क जाम, तोड़फोड़, आगजनी अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहने का आग्रह किया। अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों को अफवाहों और असामाजिक तत्वों के बहकावे में आने से बचाएं तथा क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।