
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। बिहार में संभावित छात्र आंदोलन और विधि-व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देशानुसार मढ़ौरा में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार की देर शाम स्थानीय प्रशासनिक अमले ने शहर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला और आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की पुरजोर अपील की। फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सविंदर कुमार दास ने संयुक्त रूप से किया। उनके साथ दर्जनों की संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। मार्च के दौरान अधिकारियों ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों की अभिभावकों से अपील:
अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों को किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, हिंसक गतिविधियों या उपद्रव में शामिल होने से बचाएं। किसी भी तरह की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए उचित और वैध फोरम का ही इस्तेमाल करें।इस अवसर पर प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों या भ्रामक खबरों पर कोई भी व्यक्ति ध्यान न दे और न ही उन्हें आगे प्रसारित करे। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों या उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। प्रशासन ने सभी नागरिकों से संयम बरतने और शांति व्यवस्था कायम रखने में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की है।




Recent Comments