संजीत कुमार।

दैनिक खोज खबर/सोनपुर। हरिहर क्षेत्र की पावन धरा स्थित सोनपुर के काली घाट पर सोमवार की शाम भक्ति और आध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। धनुष कुटी आश्रम के संत बालक बाबा के सानिध्य में आयोजित भव्य गंगा आरती ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया।
दीपों की रोशनी से जगमगा उठा घाट
जैसे ही संध्या ढली, मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के बीच मां गंगा की आरती शुरू हुई। घाट का पूरा क्षेत्र दीपों की जगमगाहट और ‘जय मां गंगे’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। नदी के तट पर जलते हुए दीपों की कतारें अत्यंत मनमोहक लग रही थीं, जिसे देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
गंगा संरक्षण का दिया संदेश
इस अवसर पर संत बालक बाबा ने सनातन संस्कृति और गंगा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था की जीवनरेखा है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी का नैतिक और सामूहिक दायित्व है।” उन्होंने लोगों से गंगा संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हरिहर क्षेत्र मेले का पूर्वाभ्यास
धार्मिक जानकारों के अनुसार, यह आयोजन आगामी हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026-27 की धार्मिक भव्यता और तैयारियों की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ-साथ अविनाश पांडेय सहित क्षेत्र के कई पंडा-पुजारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर विश्व शांति और समृद्धि की कामना की।