वोट के लिये घर -घर दस्तक कार्यक्रम की शुरुआत नालंदा में

ロ कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट

हिलसा( नालन्दा) लोकतन्त्र में वोट का महत्व बताने के लिए गाँव- शहर में ज़ोरदार अभियान चलाने की कड़ी में ज़िला आइकॉन मानव द्वारा हर तरह की तरकीब अपनाई जा रही है. हिलसा में ग्रामीण वोटरों को प्रोत्साहित करने के लिए घर घर दस्तक कार्यक्रम की शुरुआत की गई. घर घर दस्तक देते हुए स्वीपकर्मियों का जत्था लोगों को वोटिंग के प्रेरित कर रहा है. वोटर जागरूकता कार्यक्रम के तहत रविवार को ज़िले के स्वीप आइकॉन आशुतोष कुमार मानव अपने सहयोगियों के साथ प्रखंड के कुसेता गाँव में पदयात्रा करते हुए लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की. गाँव के मुहल्लों में हर किसी के दरवाज़े पर ख़ासकर महिला एवं दिव्यांग वोटरों के बीच सघन अभियान चलाते हुए आगामी उन्नीस मई को अपने मतदान केन्द्र पर जाकर वोट देने का आह्वान किया. इसी क्रम में जीविका दीदियों ने वोट पर आधारित गीतों के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र के प्रति सचेत किया तथा सब काम छोड़कर सबसे पहले वोट देने की अपील की. इसी तरह कौशल जीविका ग्रामसंगठन केंद्र पर पहुँची महिला वोटरों ने कई तरह के नारे लगाकर वोटरों के बीच जागरूकता फैलाने का प्रयास किया. लोगों को सम्बोधित करते हुए श्री मानव ने वोट को सबसे बड़ा संवैधानिक अधिकार बताते हुए इसका प्रयोग निश्चित रूप से करने की वकालत की तथा दीदियों को कई तरह के दायित्व भी सौंपे. उन्होंने कहा कि एक एक वोट क़ीमती होता है. मतदान का प्रतिशत जबतक नहीं बढ़ेगा तबतक मज़बूत लोकतंत्र का सपना साकार नहीं होगा. लोगों से उत्सवी माहौल में लोकतंत्र के महापर्व को मनाने की अपील की गई. मानव ने कहा कि आप अपने पसंद की सरकार तभी चुन पाएँगे जब सब लोग मिलकर वोट देंगे. वोट नहीं देने वाले लोग कभी भी लोकतंत्र के लिए ख़तरा बन सकते है.इस अवसर पर मधुसूदन कुमार, , श्रीकांत प्रसाद, प्रभा देवी, करुणानिधन केशव, रामानुज पासवान, अनीता कुमारी, कुसुम देवी, सविता कुमारी, नागेश्वरी देवी, शारदा कुमारी, मालती देवी, पूनम कुमारी, मनोज कुमार, सुधारानी , रीना देवी, प्रभाकर कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे.