बालक वर्ग के फाइनल में बिहार एवं झारखण्ड आमने सामने


छपरा :
हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वाधान में सारण जिला हैंडबॉल संघ द्वारा संत जलेश्वर एकेडमी लौवा कला बनियापुर में आयोजित 24 वी ईस्ट जोन पुरुष महिला हैंडबॉल के चार दिवसीय प्रतियोगिता के तीसरे दिन देर शाम तक मैच चला। महिला वर्ग में बिहार ने मणिपुर को 17-15 एवं उड़ीसा को 10 -6 के अंतर से पराजित कर लगातार ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए विजेता ट्रॉफी बिहार के नाम किया । बिहार टीम से खुशबू सिंह , तनु, बुलबुल, खुशबू कुमारी , कल्पना, सपना , अंजलि ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे एवं तीसरे स्थान का निर्णायक मैच बंगाल एवं मणिपुर के बीच होना है। वही बालक वर्ग के हुए सेमीफाइनल मैच में बिहार ने बंगाल 20- 12 के अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया वही झारखण्ड ने मणिपुर को 35 – 18 के अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया । दोनों के बीच फाइनल मुकाबला मंगलवार को प्रातः 10 बजे होगा। आयोजन सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि सारण डीएम सुब्रत कुमार सेन , एसपी सारण हरकिशोर राय एवं विशिष्ट अतिथि डीईओ सारण अजय कुमार सिंह होंगे।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन बनियापुर सीओ बिहार भारोत्तोलन संघ के सचिव डॉ सुरेश प्रसाद सिंह, परशुराम सिंह , नीलिमा सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मौके पर बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा ,सिवान जिला हैंडबॉल के सचिव संजय पाठक , सभापति बैठा, पंकज कश्यप, राजू कुमार , जमीरउद्दीन अंसारी सहित अन्य थे । कार्यक्रम के दौरान सभी आगत अतिथियों का स्वागत मोमेंटो एवं शॉल देकर किया गया।