
डोरीगंज (सारण)। श्री अर्जुन सिंह हाई स्कूल, बिष्णुपुरा के प्रांगण में शनिवार को स्वर्गीय बाबू रामकरण सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि सेवा, शिक्षा और सामाजिक समर्पण के भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य शिक्षण सामग्री किट वितरण समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, ग्रामीणों एवं सैकड़ों स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद स्वर्गीय बाबू रामकरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजसेवा और शिक्षा के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह का मुख्य आकर्षण स्वर्गीय रामकरण सिंह के सुपुत्र श्री धुरंधर सिंह द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित करना तथा स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री एवं अध्ययन किट का वितरण रहा। शिक्षण सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। इस अवसर पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि रघुनाथ सिंह, वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि चंदन सिंह, धुरंधर सिंह, श्रीकांत सिंह, अमित सिंह, राजीव रंजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।




Recent Comments