◆ आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार के ट्रेनिंग पूरी कर गांव लौटने पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया जोरदार स्वागत

रंजन श्रीवास्तव, दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। प्रखंड के बेलहरी गांव निवासी रुदल राय के पुत्र आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार के ट्रेनिंग पूरी कर अपने घर लौटने पर शनिवार को तरैया में जोरदार तरीके से उनका भव्य स्वागत किया गया। छपरा से बेलहरी स्थित अपने घर आने के दौरान आर्मी लेफ्टिनेंट का जगह-जगह जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों और ग्रामीणों ने उन्हें फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। मुखिया संघ के अध्यक्ष सह भागवतपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में नेवारी में उनका स्वागत किया गया। वहीं तरैया बाजार स्थित एसबीआई बैंक के सामने अमित कुमार के तरैया पहुंचने से पहले ही सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और ग्रामीण फूल-माला लेकर उनके स्वागत के लिए घंटों धूप में सड़क किनारे खड़े रहे। जैसे ही आर्मी लेफ्टिनेंट का काफिला वहां पहुंचा, लोगों ने उत्साह के साथ भारत माता की जय के नारे लगाते हुए उनका स्वागत किया। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ उमड़ने से एसबीआई बैंक के सामने कुछ देर के लिए गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। आर्मी लेफ्टिनेंट के काफिले के आगे तरैया थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। इसके पीछे सैकड़ों की संख्या में नवयुवक बाइक पर तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाते हुए चल रहे थे। वहीं बग्घी पर सवार आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार का काफिला आगे बढ़ रहा था। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। वहीं अमित के पैतृक गांव बेलहरी में भी आर्मी लेफ्टिनेंट के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुखिया संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, सांसद प्रतिनिधि संजय सिंह, जिला पार्षद सदस्य हरिशंकर सिंह, पूर्व मुखिया वीर बहादुर राय, मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, सारण विकास मंच के अध्यक्ष अमरनाथ सिंह, व्यवसायी कमला प्रसाद, डॉ रंजय सिंह, सरपंच बिगन राय, समेत सैकड़ों जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों ने आर्मी लेफ्टिनेंट अमित कुमार को फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि अमित कुमार ने आर्मी में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र और गांव का नाम रोशन किया है। उनके इस पद पर पदस्थापित होने से गांव और क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी उनसे प्रेरणा मिलेगा और उनका भी भविष्य उज्जवल होगा। वहीं अमित के घर लौटने पर पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।