गढ़देवी मंदिर पर दीपोत्सव

मढ़ौरा (सारण)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार की शाम मढ़ौरा के ऐतिहासिक गढ़देवी मंदिर और शिल्हौरी स्थित शिलानाथ मंदिर परिसर में भव्य रंगोली एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

गुरुवार शाम मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर पूरे प्रांगण को सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगा दिया गया। इस मौके पर स्थानीय स्कूली छात्राओं ने मंदिर परिसर में आकर्षक और मनमोहक रंगोलियां बनाई, जिसने कार्यक्रम की छटा में चार चांद लगा दिए। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन के लिए विशेष प्रार्थना की।

इस आयोजन में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, जीविका दीदियां, आशा कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। गढ़देवी मंदिर न्यास समिति के दीप नारायण सिंह ने जानकारी दी कि न्यास बोर्ड के निर्देशों के आलोक में यह आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के दौरान पूरे मंदिर परिसर में काफी देर तक एक उत्सवी और उमंग भरा माहौल बना रहा। इस मौके पर भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, डॉ. रामबाबू सिंह समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।