जांच पड़ताल करती पुलिस

मढ़ौरा(सारण): थाना क्षेत्र के नगर वासी मढ़ौरा खुर्द निवासी अजय सिंह की गुमशुदगी के मामले में पुलिस की तलाश तेज हो गई है। शुक्रवार को एसडीपीओ सविंदर कुमार दास ने पुलिस बल के साथ बंद पड़ी चीनी मिल के जंगल-झाड़ और लोहा कबाड़ के ठिकानों पर सघन जांच-पड़ताल की। परिजनों के अनुसार, अजय सिंह गत 16 सितंबर की रात से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लापता व्यक्ति के संपर्क में रहने वाले दो-तीन लोग अचानक फरार बताए जा रहे हैं, जिससे पुलिस का शक गहरा गया है। पुलिस इस मामले की जांच कई विभिन्न बिंदुओं पर कर रही है, जिसमें लापता व्यक्ति की दैनिक गतिविधियों और उनके करीबियों की संदिग्ध हरकतों को शामिल किया गया है।शुक्रवार को की गई इस कार्रवाई के संबंध में एसडीपीओ सविंदर कुमार दास ने बताया कि मढ़ौरा खुर्द के एक व्यक्ति की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है। इसी की पुष्टि और सुराग तलाशने के लिए बंद चीनी मिल के कबाड़ और खंडहरनुमा ठिकानों का मुआयना किया गया। हालांकि, इस दौरान पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन तलाश लगातार जारी है। गौरतलब है कि मढ़ौरा की यह बंद पड़ी चीनी मिल का खंडहर इलाका पिछले कई वर्षों से कबाड़ चोरों के लिए अवैध गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इसके अलावा, यह जगह अक्सर अनैतिक धंधों में लिप्त असामाजिक तत्वों की पनाहगाह भी बनती रही है, जिससे पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।