
मढ़ौरा(सारण)। क्षेत्र की तीन दशक से बंद पड़ी चीनी मिल परिसर में रविवार को पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद से घंटों सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी को लेकर दो दिन पूर्व में भी एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मिल के भारी टैंक, मलबे, जंगल-झाड़ और कबाड़ के ठिकानों पर गहन छानबीन की थी।इस संबंध में पूछे जाने पर इंस्पेक्टर राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि खोजी कुत्ता के छानबीन में भी अभी तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मालूम हो कि 16 सितंबर की रात मिल में लोहे के भारी टैंक और गाडर के गिरने की घटना के बाद से मढ़ौरा खुर्द निवासी अजय सिंह अपने मालवाहक टेम्पो समेत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। इधर लापता मढ़ौरा खुर्द निवासी अजय सिंह के बेटे अजीत सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि अजय सिंह की भी 16 सितंबर की रात से ही कोई आता पता नहीं चल पा रहा है। आवेदन में कुछ ऐसे लोगों के नाम भी दिए गए हैं, जो पूर्व में उन्हें मालवाहक टेम्पो समेत बुलाते थे। घटना के बाद से वे लोग भी गायब हैं। चर्चा है कि लोहे की चोरी के दौरान हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। यह बंद चीनी मिल पिछले कई वर्षों से कबाड़ चोरों और असामाजिक तत्वों का अवैध अड्डा बनी हुई है। पुलिस इस मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर कर रही है, जिसमें लापता व्यक्ति की दैनिक गतिविधियों और करीबियों की संदिग्ध हरकतों की पड़ताल शामिल है।




Recent Comments