
कलश यात्रा में विधायक छोटी कुमारी व अन्य
छपरा। आस्था और सनातन संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला, जब छपरा विधायक छोटी कुमारी दलदली बाजार स्थित नारायण पैलेस में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा की भव्य कलश यात्रा में श्रद्धापूर्वक शामिल हुई।
यह पावन कलश यात्रा 18 सितंबर को कठिया बाबा मंदिर, साहेबगंज से आरंभ होकर नारायण पैलेस तक निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विधायक छोटी कुमारी ने भी श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में चलकर भगवान श्रीकृष्ण व श्रीहरि से छपरा सहित समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा हमारी सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना और संस्कारों का आधार है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का सुंदर अवसर मिलता है।
उल्लेखनीय है कि नारायण पैलेस, दलदली बाजार में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 19 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3:15 बजे से शाम 6:15 बजे तक किया जा रहा है। कथा की पूर्णता पर आगामी 26 सितंबर को शाम 4 बजे से भव्य भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है। इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।




Recent Comments