
मूल्यांकन दौरे पर विशेषज्ञ टीम
• एलएनजेपीआईटी के मैकेनिकल विभाग के मानकों को परखा
•एनबीए से मान्यता मिलने पर छात्रों को प्लेसमेंट और उच्च शिक्षा का मार्ग होगा प्रशस्त
छपरा। लोक नायक जय प्रकाश प्रौद्योगिकी संस्थान में राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम का तीन दिवसीय मूल्यांकन दौरा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बिहार सरकार केप्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधीन संचालित एलएनजेपीआईटी में 18 से 20 सितंबर तक चले इस दौरे में संस्थान के स्नातक मैकेनिकल इंजीनियरिंग कार्यक्रम की शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों और परिणाम आधारित शिक्षा व्यवस्था को एनबीए के निर्धारित मानकों पर परखा गया।
डॉ. जी.पी. प्रभु कुमार के नेतृत्व में पहुंची विशेषज्ञ टीम में प्रो. एम.एल. अग्रवाल और प्रो. विलास रामदास कलामकर शामिल रहे। टीम ने पहले दिन प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार की प्रस्तुति के बाद केंद्रीय पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं और विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संकाय सदस्यों से संवाद के साथ तीन वर्षों के व्यय, प्लेसमेंट और संस्थान की रणनीतिक योजनाओं की भी पड़ताल की गई।
मूल्यांकन के दूसरे दिन विशेषज्ञों ने कक्षाओं में शिक्षण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष देखा। प्रयोगशालाओं, कोर्स फाइलों और विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स की समीक्षा के साथ सीओ, पीओ और पीएसओ की उपलब्धियों का आकलन किया गया। छात्रों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों और नियोक्ताओं से संवाद कर संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था और उसके परिणामों की जानकारी ली गई।
तीसरे दिन विशेषज्ञ टीम ने मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद प्राचार्य, प्रबंधन प्रतिनिधियों और संकाय सदस्यों के साथ एग्जिट मीटिंग हुई, जिसमें प्रमुख फीडबैक साझा किए गए। अंतिम रिपोर्ट एनबीए मुख्यालय को भेजी जाएगी। प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि एनबीए मान्यता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई मजबूती देगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए बेहतर प्लेसमेंट और उच्च शिक्षा के अवसरों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।




Recent Comments