
सम्मान प्राप्त करते पुलिस पदाधिकारी
छपरा। सारण जिले ने मानव तस्करी के मामलों में पीड़ितों की सुरक्षित बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के क्षेत्र में पूरे बिहार में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिला पुलिस कप्तान (एसएसपी) विनीत कुमार के कुशल निर्देशन में मानव तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।इस अभियान को सफल बनाने में मानव तस्करी निरोधक इकाई के इंस्पेक्टर विशाल आनंद और उनकी टीम ने सतर्कता, कड़ी मेहनत और प्रभावी कार्रवाई का परिचय दिया। एसएसपी विनीत कुमार के नेतृत्व में कई जटिल मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन करते हुए पुलिस ने पीड़ितों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा।
सारण पुलिस के इस सराहनीय प्रदर्शन को देखते हुए, पटना स्थित पुलिस मुख्यालय में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एडीजी (कमजोर वर्ग) श्रीमती के. एस. अनुपम ने छपरा एसएसपी विनीत कुमार, इंस्पेक्टर विशाल आनंद और उनकी टीम के अन्य अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस सम्मान से सारण पुलिस बल का मनोबल काफी ऊंचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने संकल्प लिया है कि समाज को अपराध मुक्त बनाने के लिए मानव तस्करी जैसे गंभीर मामलों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Recent Comments