
फाइल फोटो: तारकेश्वर महतो
मढ़ौरा(सारण)। प्रखंड के तेजपुरवा निवासी 62 वर्षीय तारकेश्वर महतो की दिल्ली में सड़क हादसे में मौत हो गई। पिछले करीब चार दशकों से दिल्ली के सरिता विहार में रहने वाले तारकेश्वर महतो प्रवासियों के बड़े मददगार थे। वह गांव और क्षेत्र के लोगों को दिल्ली में रहने की जगह और रोजगार दिलाने में हमेशा आगे रहते थे। दिल्ली प्रवासी मढ़ौरा के तेजपुरवा गांव निवासी मनोज गुप्ता ने बताया कि घटना बीते शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। जब वह घर से गेहूं पिसवाने जा रहे थे, तभी के-2 गैस एजेंसी के पास एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल तारकेश्वर को उनके भांजे पंकज और विक्की तुरंत अपोलो अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के कालिंदी कुंज घाट पर किया गया। उनके निधन की खबर शनिवार को जैसे ही पैतृक गांव तेजपुरवा पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी, इकलौती बेटी भारती और दामाद समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। नेकदिल तारकेश्वर महतो के जाने से सभी की आंखें नम हैं।




Recent Comments