दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

शहर के सुप्रिया रोड स्थित पुराने वाहन के विक्रेता महिन्द्रा फस्ट च्वाईस सोनाक्षी ऑटो मोबाइल का शटर काट चोरों ने तीन लाख रूपये नगद समेत लाखों रुपये मूल्य के समान की चोरी कर ली है। घटना सोमवार रात्रि की है। घटना की सूचना पर कालीबाग ओपी पुलिस मामले की जांच करनी शुरू कर दी है। चोरों ने नकदी के अलावे करीब दस पीस बैट्री, वाईफाई आदि समान गायब किया है। सीसीटीवी कैमरे और इसके अन्य समान चोर ले उड़े है ताकि उनकी पहचान ना हो सके। चोरों ने प्रतिष्ठान के मुख्य शटर को छोड़ पूर्व दिशा स्थित छोटे शटर को निशाना बनाया है। घटना स्थल से पुलिस चाबी का एक गुच्छा बरामद की है। बताया जाता है कि ऑटो मोबाइल के मैनेजर संजीव कुमार राय सोमवार की रात्रि करीब आठ बजे रोज की तरह अन्य स्टॉप के साथ प्रतिष्ठान में ताला लॉक कर घर चले गए थे। मंगलवार की सुबह कुछ स्टॉप मुख्य गेट का ताला खोल अंदर गए तो देखा कि चोर पूरब दिशा स्थित छोटे शटर को काट दिए है। प्रतिष्ठान में रखे कई सामग्री गायब है। प्रतिष्ठान के मालिक इंद्रपुरी कॉलोनी निवासी मुन्ना प्रसाद ने बताया कि सोमवार को स्कॉर्पियों व बोलेरो गाड़ी की बिक्री की गई थी। देरी होने की वजह से पूरी रकम बैंक में नहीं भेजा जा सका था। तीन लाख रूपये प्रतिष्ठान में रखा गया था। जिसे चोर गायब कर दिए है। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा को तोड़ कर अपने साथ लेकर चले गए। सूचना पर कालीबाग ओपी के पुलिस पदाधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। कालीबाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।