बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाकर इंद्रधनुष कार्यक्रम का सीएस ने किया उदघाटन
जमुई। (संजीव कुमार सिंह) :
सोमवार को सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का सीएस डा. श्याम मोहन दास ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर उदघाटन किया। इस अवसर पर सीएस ने बताया कि भारत सरकार द्वारा नियमित टीकाकरण के आच्छादन में वृद्धि लाने के उद्देश्य से पूरे भारत में सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 2.0 चलाया जाएगा। उन्होंने कहा यह टीकाकरण जिले के चार प्रखंडों में दूसरा चक्र 6 जनवरी से 16 जनवरी 2020 को चलाया जाएगा। वहीं तीसरा चक्र 3 से 13 फरवरी तक चलेगा। जबकि चौथा चक्र 2 से 16 मार्च को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला अंतर्गत कम आच्छादन वाले प्रखंड में जमुई शहरी, अलीगंज, झाझा और चकाई प्रखंड में यह चारों चक्र चलाया जाएगा। जिसमें कुल 268 सत्र स्थल बनाया गया है। जिसमें जमुई शहरी में 26, अलीगंज में 39, झाझा में 74 और चकाई में 129 स्थल को चयनित किया गया है। जहां कुल 1608 बच्चें और 380 गर्भवती माताएं को टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने सभी एएनएम, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित लगे हुए है। साथ ही ग्रामीण स्तर पर जागरूकता के लिए भी कई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें अधिक से अधिक लोग टीकाकरण के महत्व को समझ सकें और अपने छोटे बच्चों को सभी टीके ससमय लगावाने और 12 जानलेवा बीमारी से अपने बच्चों को सुरक्षित करने की बात ग्रामीणों को बताई की है। इस अवसर पर डीएम डा. सैयद नौशाद अहमद, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा. विमल कुमार चौधरी, जीएम गोविंद कुमार, पंकज कुमार, स्वास्थ्य कर्मी अनिल कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।




Recent Comments