धनी छपरा में नवचंडी महायज्ञ को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा

मांझी(छपरा) धनी छपरा में नवचंडी महायज्ञ को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में शामिल देवी-देवताओं की आकर्षक झांकी, बैंड-बाजे के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष, युवक-युवतियां व बच्चे सरयु नदी के मांझी घाट से पवित्र जल लेकर विभिन्न मार्गों से होते हुए अनुष्ठान स्थल पर पहुंचे। वहीं प्रथम दिन नगर-भ्रमण का कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अगले दिन 8 अगस्त को विद्वान आचार्यों की मौजूदगी में पूर्ण विधि-विधान से मूर्ति-पूजन सह स्थापना का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। वहीं 9 अगस्त को दुर्गा-पाठ, हवन व विशाल भंडारे के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। महायज्ञ में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर-सम्भव व्यवस्था की गई है। इस अनुष्ठान का आयोजन समस्त ग्रामीणों व क्षेत्रीय भक्त गणों के सहयोग से किया गया है।