
उप मुख्य सचेतक बनने पर जनक सिंह को सांसद रुडी ने दी बधाई
कहा- इसका लाभ तरैयां की जनता को मिलेगा
सारण, 27 जनवरी, 2021 । तरैयां विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी विधायक जनक सिंह के विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक बनने पर स्थानीय सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी ने शुभकामना और बधाई दी है। इस संदर्भ में बीते दिनों की बात याद करते हुए सांसद ने कहा कि इसी तरैयां विधानसभा क्षेत्र से मैने संसदीय राजनीति की यात्रा आरंभ की थी और पहली बार मैंने संसदीय जन प्रतिनिधित्व के दायित्व का निर्वहन आरंभ किया। वर्ष 1990 मे पहली बार तरैयां से ही जनता ने मुझे चुनकर बिहार विधानसभा में भेजा था। इस क्षेत्र से मेरा व्यक्तिगत और पुराना संबंध है। बाद में इसी जिले से जनता ने मुझे लोकसभा के लिए भी चुना।
सांसद ने आशा व्यक्त की कि पहले की अपेक्षा जनक सिंह जी को ज्यादा संवैधानिक अधिकार प्राप्त हो गया है जिसका लाभ तरैयां की जनता को मिलेगा क्योंकि यह एक संवैधानिक पद होने के साथ-साथ इस पद को ग्रहण करने वाले व्यक्ति को राज्यमंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि उप मुख्य सचेतक बनने के बाद जनक जी विकास में और ज्यादा योगदान दे पायेंगे और विकास कार्यों को द्रुत गति से आगे बढ़ायेंगे। विदित हो कि बिहार विधानसभा में पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को सत्ताधारी दल के मुख्य सचेतक व भाजपा के तरैयां से विधायक जनक सिंह को सत्ताधारी एनडीए उप मुख्य सचेतक बनाया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनुशंसा पर सत्ताधारी दल के मुख्य एवं उप मुख्य सचेतक के मनोनयन को विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मान्यता प्रदान की है। इस संदर्भ में बिहार सरकार के अपर सचिव ने अधिसूचना जारी की।




Recent Comments